बुलंद सोच, ओरछा।

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पूर्व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, वीरेंद्र कुमार, संसदीय बोर्ड सदस्य सत्यनारायण जटिया और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लालसिंह आर्य मौजूद रहे।
इनके अतिरिक्त, राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल, राष्ट्रीय मंत्री कविता पाटीदार, राष्ट्रीय प्रकोष्ठ संयोजक एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राष्ट्रीय सह मीडिया संयोजक आशीष उषा अग्रवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते और वरिष्ठ नेता माखन सिंह सहित प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक
‘मन की बात’ कार्यक्रम के बाद प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के विभिन्न सत्रों में मंथन प्रारंभ हुआ। इस दौरान संगठन को मजबूत करने, बूथ सशक्तीकरण, आगामी चुनावों की रणनीति और सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
ओरछा में 14 साल बाद भाजपा का यह महामंथन आयोजित किया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव और ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत 350 प्रतिनिधि जुटे। इस बैठक में ‘मिशन 2028’ को लेकर रणनीति तैयार की जा रही है।
गुटबाजी पर पूर्व विधायक नरोत्तम मिश्रा का बयान
पूर्व विधायक नरोत्तम मिश्रा ने भाजपा में गुटबाजी और संगठन में बदलाव की चर्चाओं को काल्पनिक बताया।
उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन मजबूती से खड़ा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, नितिन नवीन तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में काम कर रहा है।

