बुलंद सोच, सतना।
-1778930708108_v_m.webp)
सतना जिले में इस वर्ष हुई अतिवृष्टि का असर सड़क अधोसंरचना पर पड़ा है।
लोक निर्माण विभाग के सतना संभाग के अंतर्गत आने वाले विभिन्न मार्गों के लगभग 260.04 किलोमीटर हिस्से के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। विभाग द्वारा 30 अगस्त 2026 की स्थिति में तैयार रिपोर्ट में कुल 28 से अधिक मार्गों पर बारिश से हुए नुकसान का आकलन किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थायी मरम्मत अथवा पुनर्स्थापना के लिए 421.50 लाख रुपये की आवश्यकता आंकी गई है, जबकि अस्थायी मरम्मत के लिए 105.20 लाख रुपये की जरूरत बताई गई है।
इसके अलावा, विभिन्न स्थानों पर क्षतिग्रस्त पुल, पुलिया और कलवर्ट की मरम्मत एवं पुनर्स्थापना के लिए भी अलग से राशि का आकलन किया गया है।
मझगवां सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्र
विभागीय आंकड़ों में मझगवां क्षेत्र के कई मार्गों पर बारिश से सर्वाधिक नुकसान दर्ज किया गया है।
सेमरिया-धारकुंडी मार्ग की कुल लंबाई 17.40 किलोमीटर में से करीब 8 किलोमीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी गई है। वहीं, मझगवां-पिंडरा-नकैला-बरौंधा-जवारिन मार्ग और मझगवां-पटना-पहाड़ीखेरा मार्ग सहित अन्य सड़कों को भी नुकसान पहुंचा है।
मझगवां क्षेत्र के ग्रामीण मार्गों में बहेरा-करौंदी-सुकवाह मार्ग, पंडुहार-पहुंच मार्ग, नयागांव-सभापुर मार्ग, बिरसिंहपुर-हरसेड़ मार्ग और महतैन-केल्हौरा-ब्रह्मकुंड मार्ग सहित कई सड़कें प्रभावित हुई हैं।
अन्य क्षेत्रों में भी सड़कों को नुकसान
उचेहरा क्षेत्र में झुंझकुल-रगौली मार्ग और परसमनिया-दुरेहा मार्ग में क्षति दर्ज की गई है।
नागौद क्षेत्र में लालचहा-मढ़ा-खमरेही-मजनेही मार्ग, कुलपुरा पहुंच मार्ग, शहरपुर-राजापुर तथा कचलोहा मार्ग सहित अन्य मार्गों पर भी बारिश का असर पड़ा है।
रिपोर्ट में रामनगर क्षेत्र के जितना-हिनौती, जितना-अरगट, आदर्श नगर-जट्ठा टोला तथा सनईवर्षा पावर हाउस मार्गों को भी क्षतिग्रस्त बताया गया है।
पुल-पुलियों की मरम्मत पर बड़ा खर्च
विभागीय आकलन के मुताबिक, क्षतिग्रस्त पुल, पुलिया और कलवर्ट की स्थायी मरम्मत/पुनर्स्थापना के लिए 1209.50 लाख रुपये तथा अस्थायी मरम्मत के लिए 70.50 लाख रुपये की आवश्यकता आंकी गई है।
इस तरह, बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों की मरम्मत के लिए कुल मिलाकर बड़ी राशि की जरूरत सामने आई है।
स्कूलों में छुट्टी घोषित
सतना में भारी बारिश के चलते 31 अगस्त और 1 सितंबर को दो दिन के लिए स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।

