BREAKING NEWS
2026-08-02

पन्ना पुलिस ने 40 मिनट में 55 किमी तय कर सल्फास खाने वाले 22 वर्षीय युवक की जान बचाई

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, पन्ना।

पन्ना जिला पुलिस ने 22 वर्षीय एक युवक की जान बचाई। युवक ने सल्फास खाने के बाद अपनी सांसें रुकने पर खुद डायल-112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी थी।

Advertisement

यह घटना 30 जुलाई की है। डायल-112 कंट्रोल रूम भोपाल से पन्ना जिले की सिमरिया थाना अंतर्गत हरदुआ चौकी पुलिस को युवक द्वारा सल्फास खाए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी।

पीड़ित ने खुद मदद के लिए कॉल किया था, लेकिन जहर के असर के कारण उसकी आवाज बेहद अस्पष्ट थी और वह सही ठिकाना भी नहीं बता पा रहा था।

कॉल की लोकेशन ट्रेस कर हरदुआ चौकी पुलिस और डायल-112 की टीम तत्काल मौके की तलाश में रवाना हुई। युवक पड़रिया मोड़ के पास एक सागौन के पेड़ के नीचे बेसुध हालत में पड़ा मिला।

पास ही उसकी मोटरसाइकिल खड़ी थी और जमीन पर सल्फास की गोलियां बिखरी हुई थीं। युवक के मुंह से झाग निकल रहा था और उसकी हालत बेहद नाजुक थी।

स्थिति की नाजुकता को भांपते हुए डायल-112 के पायलट देवेंद्र कुशवाह और सैनिक विनोद द्विवेदी ने बिना एक पल गंवाए युवक को वाहन में लादा और सीधे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई के लिए दौड़ पड़े।

पुलिस टीम ने 55 किलोमीटर की दूरी को महज 40 मिनट में तय किया और समय रहते मरीज को डॉक्टरों के सुपुर्द कर दिया।

पवई में प्राथमिक इलाज के बाद युवक को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया गया। अस्पताल में चले इलाज के बाद युवक की शिनाख्त भूपेंद्र बर्मन (पिता कृपाल बर्मन, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम बौधा, थाना सिमरिया) के रूप में हुई।

डॉक्टरों के मुताबिक, ऐन वक्त पर अस्पताल पहुंचने के कारण युवक का जीवन सुरक्षित हो सका है और अब वह खतरे से बाहर है।