BREAKING NEWS

Latest News

खंडवा में डायल-112 टीम ने रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या का प्रयास कर रहे युवक की जान बचाई

खंडवा जिले की आशापुर चौकी की डायल-112 टीम ने छनेरा रेलवे ब्रिज पर आत्महत्या का प्रयास कर रहे एक युवक की जान बचाई। टीम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति पटरी पर बैठकर आत्मघाती कदम उठाने की बात कर रहा है। आरक्षक रघुवीर जावट और पायलट फरीद ने मौके पर पहुंचकर युवक गोकुल पवार को धैर्यपूर्वक समझाया। पारिवारिक विवादों से तनावग्रस्त युवक को समझाने के बाद सुरक्षित चौकी लाया गया और परिजनों की काउंसलिंग कर उनके सुपुर्द कर दिया गया। स्थानीय लोगों और पुलिस अधिकारियों ने टीम के मानवीय कार्य की सराहना की।

सीधी में पुलिस ने फांसी लगाने जा रहे 60 वर्षीय व्यक्ति की जान बचाई

सीधी में चौकी खड्डी पुलिस ने डायल-112 की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक 60 वर्षीय व्यक्ति रामकरण साकेत की जान बचाई, जो फांसी लगाने का प्रयास कर रहे थे। आरक्षक रविंद्र सिंह ने दरवाजा तोड़कर उन्हें रोका। बाद में चौकी प्रभारी सउनि नीरज कुमार की काउंसलिंग से पति-पत्नी के आपसी मनमुटाव को सुलझाया गया, जिससे परिवार फिर से एक हो गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने आरक्षक रविंद्र सिंह की मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय क्षमता की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की।

पन्ना पुलिस ने 40 मिनट में 55 किमी तय कर सल्फास खाने वाले 22 वर्षीय युवक की जान बचाई

पन्ना पुलिस ने 30 जुलाई को 22 वर्षीय युवक भूपेंद्र बर्मन की जान बचाई। सल्फास खाने के बाद सांसें रुकने पर युवक ने खुद डायल-112 पर मदद मांगी थी, लेकिन जहर के असर से उसकी आवाज अस्पष्ट थी और वह ठिकाना नहीं बता पा रहा था। डायल-112 कंट्रोल रूम भोपाल से सूचना मिलने पर हरदुआ चौकी पुलिस और डायल-112 टीम ने लोकेशन ट्रेस कर पड़रिया मोड़ के पास एक सागौन के पेड़ के नीचे बेसुध पड़े युवक को खोजा। गंभीर हालत देखते हुए पायलट देवेंद्र कुशवाह और सैनिक विनोद द्विवेदी ने 55 किलोमीटर की दूरी मात्र 40 मिनट में तय कर युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई पहुंचाया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए कटनी रेफर किया गया।

ग्वालियर-इटावा हाईवे पर डंपरों की भिड़ंत, केबिन में फंसे चालक को डेढ़ घंटे बाद बचाया गया

भिंड के ग्वालियर-इटावा नेशनल हाईवे-719 पर गुरुवार सुबह दो डंपरों की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में एक डंपर चालक रविंद्र सिंह यादव अपने वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गए। मेहगांव थाना पुलिस, डायल-112 और स्थानीय ग्रामीणों ने लगभग डेढ़ घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। चालक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि ओवरटेकिंग के दौरान कट लगने से यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।