बुलंद सोच, नासिक।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को महाराष्ट्र के नासिक दौरे के दौरान जनजातीय छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में वे छात्र भी शामिल थे, जो अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे थे।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने छात्रों की समस्याओं और मांगों को ध्यान से सुना। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि शिक्षा कोई विशेषाधिकार नहीं है, बल्कि यह भारत के हर छात्र का अधिकार है।

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि व्यवस्था की ओर से वंचित समुदायों के छात्रों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि हर छात्र को पढ़ाई के लिए सम्मानजनक, सुरक्षित और अच्छा माहौल पाने का अधिकार है। उन्हें व्यवस्था का समर्थन और हरसंभव मदद मिलनी चाहिए।
छात्रों की प्रमुख मांगें
छात्र विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इन समस्याओं में जनजातीय समुदाय के लिए बनाए गए आश्रम स्कूलों की खराब हालत का मुद्दा भी शामिल था।
कांग्रेस नेताओं से बातचीत
नासिक दौरे के दौरान राहुल गांधी ने महाराष्ट्र कांग्रेस के जिला स्तर के नेताओं से भी बातचीत की। उन्होंने नेताओं से पार्टी की विचारधारा पर मजबूती से कायम रहने और लोगों को न्याय दिलाने का आह्वान किया।

