बुलंद सोच, ग्वालियर।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर में युवाओं और विद्यार्थियों से ‘छात्रों की गूंज’ नामक कार्यक्रम के तहत संवाद करेंगे। इंदौर को शिक्षा का हब होने के कारण कांग्रेस ने इस संवाद कार्यक्रम के लिए चुना है।
इस कार्यक्रम में ग्वालियर-चंबल अंचल से युवाओं की भागीदारी को लेकर कांग्रेस नेताओं ने अलग-अलग आंकड़े बताए हैं।
राज्यसभा सदस्य अशोक सिंह ने दावा किया है कि प्रदेशभर से युवा राहुल गांधी से संवाद करने और उन्हें सुनने के लिए इंदौर पहुंच रहे हैं। उनके अनुसार, ग्वालियर-चंबल अंचल से तीन हजार से अधिक युवाओं ने क्यूआर कोड और ऑनलाइन माध्यम से पंजीकरण कराया है।
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र सिंह ने दावा किया है कि अंचल में उनसे जुड़े करीब दो हजार युवाओं ने इस कार्यक्रम के लिए पंजीकरण कराया है।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने बताया कि ग्वालियर शहर से लगभग 250 युवा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए इंदौर के लिए रवाना हुए हैं।
शुक्रवार रात ग्वालियर-चंबल अंचल से पंजीकरण कराने वाले युवा ट्रेन, बस और निजी वाहनों से इंदौर के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।
आयोजकों ने कार्यक्रम में 35 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के प्रवेश पर रोक रखी है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने पार्टी नेताओं को भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम में उनके लिए कोई अलग व्यवस्था नहीं होगी। सबसे बड़ी सहभागिता मालवा-निमाड़ से होने की संभावना है।

