BREAKING NEWS
2026-10-17

रीवा में बोरी में भरकर अगवा ढाई साल की बच्ची सीधी से बरामद, 4 गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, रीवा।

रीवा जिले में एक ढाई साल की मासूम बच्ची को आंगनवाड़ी केंद्र से बोरी में भरकर अगवा कर लिया गया। फरियादी ने थाना समान में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी ढाई वर्षीय बेटी रात 8:30 बजे से घर पर नहीं है। परिजनों ने आसपास, आंगनवाड़ी केंद्र और मोहल्ले में बच्ची को तलाश किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। बच्ची के अचानक गायब होने से परिवार में कोहराम मच गया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना समान में तत्काल अपराध क्रमांक कायम कर धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया।

Advertisement

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जांच

पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एक टीम गठित की। पुलिस ने बच्ची की सकुशल बरामदगी के लिए आंगनवाड़ी केंद्र के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। फुटेज और सूचना के आधार पर चार संदिग्धों को चिन्हित किया गया।

आरोपियों का खुलासा और बच्ची की बरामदगी

पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद पूरा मामला सामने आ गया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने बच्ची को आंगनवाड़ी केंद्र से बोरी में भरकर दोपहिया वाहन से अगवा किया था। उन्होंने बताया कि बच्ची को लगभग 100 किलोमीटर दूर सीधी जिले के बीहड़ में ले जाकर छिपा दिया था। यह खुलासा होते ही पुलिस टीम में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचना देकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली राजीव पाठक के नेतृत्व में थाना प्रभारी समान आशीष मिश्रा की टीम सीधी के लिए रवाना हुई। पुलिस ने शिकारगंज के आगे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र में देर रात दबिश दी और वहां एक मकान में छिपाकर रखी गई मासूम बच्ची को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।

चार आरोपी गिरफ्तार, मकसद की जांच जारी

पुलिस ने मौके से अपहरण में शामिल चार आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रविशंकर मालवीय (40 वर्ष), पिता माधव मालवीय, निवासी जमुलिया खींची थाना आष्टा जिला सीहोर, हाल पता किराये का मकान दुर्गा मंदिर पठकन टोला रीवा; केशकली कोल (37 वर्ष), पति रविशंकर मालवीय, निवासी जमुलिया खींची थाना आष्टा जिला सीहोर, हाल पता दुर्गा मंदिर पठकन टोला रीवा; रिया वर्मा (20 वर्ष), पिता रामवदन वर्मा, निवासी पठकन टोला रीवा; और रीनू रावत (25 वर्ष), पति सुरेश रावत, निवासी धनहा खड्डी जिला सीधी शामिल हैं। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि ढाई साल की बच्ची के अपहरण के पीछे उनका मकसद क्या था। प्रारंभिक पूछताछ में पारिवारिक रंजिश और अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों की भूमिका

इस त्वरित कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी, नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली राजीव पाठक, थाना प्रभारी समान आशीष मिश्रा, उपनिरीक्षक गौरव मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक बृजेश सिंह, सहायक उपनिरीक्षक अनिल, आरक्षक अर्पित मिश्रा, आरक्षक जयनारायण शर्मा और अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह बड़ी सफलता पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत, उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा रेंज हेमन्त चौहान, पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली राजीव पाठक के नेतृत्व में मिली। ऑपरेशन का नेतृत्व थाना प्रभारी समान निरीक्षक आशीष मिश्रा और उनकी टीम ने किया।