बुलंद सोच, छतरपुर।

छतरपुर के बमनौरा थाना क्षेत्र में एक शराब दुकान पर विवाद के बाद करीब एक दर्जन से अधिक लोगों द्वारा कथित रूप से घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दुकान के सेल्समैन समेत तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर चार आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 23 सितंबर की रात करीब 10 बजे बमनौरा देसी-अंग्रेजी शराब दुकान पर हुई। फरियादी शिवम राय उम्र 23 वर्ष निवासी देवरदा थाना बल्देवगढ़ ने पुलिस को बताया कि खुमान आदिवासी और राजीव आदिवासी दुकान पर आए और दो क्वार्टर खरीदने के बाद वीडियो बनाने लगे। सेल्समैन द्वारा वीडियो बनाने से मना करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
मारपीट और तोड़फोड़
आरोप है कि इसके बाद अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे और एकराय होकर दुकान में घुस गए। लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और ईंट-पत्थरों से शिवम राय, अंकित राय और रणजीत राय के साथ मारपीट की गई। तीनों को साधारण चोटें आई हैं। आरोपियों ने दुकान में रखी शराब की बोतलें फोड़ने के साथ बाहर खड़े वाहनों में भी तोड़फोड़ की।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 105/26 दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान खुमान आदिवासी (45), गोलू आदिवासी (19), मनीष आदिवासी (22) और भगवानदास आदिवासी (55) को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक प्रकरण में अन्य आरोपित भी नामजद हैं और उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस अब दुकान और वाहनों को हुए नुकसान का आकलन कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

