BREAKING NEWS
2026-08-10

सागर में नदी पार करते किसान की करंट लगने से मौत

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, सागर।

सागर जिले के केसली थाना क्षेत्र के ग्राम मंगेला में एक किसान की नदी में फैले बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। इस हादसे में किसान को बचाने के लिए पानी में उतरे एक अन्य ग्रामीण भी गंभीर रूप से झुलस गए।

Advertisement

मृतक किसान की पहचान 45 वर्षीय बलराम पिता भैयालाल ठाकुर के रूप में हुई है। उन्हें बचाने का प्रयास कर रहे 42 वर्षीय कुंवर सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम मंगेला की नदी में एक विद्युत मोटर का बिजली का तार टूटकर पानी में गिर गया था।

इसी दौरान बलराम ठाकुर अपने खेत जाने के लिए नदी पार कर रहे थे। जैसे ही वे पानी में उतरे, वे बिजली के करंट की चपेट में आ गए।

बलराम को करंट लगते देख कुंवर सिंह उन्हें बचाने के लिए नदी में उतरे, लेकिन वे भी बिजली की चपेट में आ गए और झुलस गए।

इस हादसे में बलराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुंवर सिंह गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

केसली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा बनाया और उसे पोस्टमार्टम के लिए देवरी अस्पताल भिजवाया।

करंट से झुलसे कुंवर सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उनकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।

मृतक के भाई हेमराज सिंह ने बताया कि बलराम खेत जाने के लिए नदी पार कर रहे थे, तभी पानी में गिरे बिजली के तार से उन्हें करंट लग गया।

एसडीओपी अरुण कुमार उइके ने पुष्टि की कि नदी में करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि बिजली का तार नदी में कैसे गिरा और इस हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है।