BREAKING NEWS
2026-08-10

संत हिरदाराम नगर एलिवेटेड ब्रिज निर्माण धीमा, कारोबारी चिंतित

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल के संत हिरदाराम नगर में निर्माणाधीन एलिवेटेड ब्रिज का कार्य धीमी गति से चल रहा है, जिससे बाजार में यातायात व्यवस्था अव्यवस्थित हो गई है। आवाजाही प्रभावित होने के कारण व्यापारियों को आगामी त्यौहारी सीजन में अपने कारोबार के प्रभावित होने की चिंता सता रही है।

Advertisement

यह डबल डेकर एलिवेटेड ब्रिज कुल 93 पिल्लरों पर खड़ा किया जा रहा है। दो माह पूर्व इन पिल्लरों पर आधुनिक तकनीक से कांक्रीट विंग लगाने का कार्य प्रारंभ हुआ था, लेकिन अब तक केवल 12 पिल्लरों पर ही कांक्रीट विंग लगाए जा सके हैं।

कांक्रीट विंग लगाने का काम हलालपुर छोर से शुरू हुआ था, जो अभी तक बैरागढ़ थाने तक भी नहीं पहुँच पाया है।

इस ब्रिज का निर्माण लोक निर्माण विभाग की सेतु शाखा की निगरानी में मुंबई की एक कंपनी द्वारा सिंगल पिल्लर योजना के तहत किया जा रहा है।

वर्तमान में ब्रिज निर्माण का कार्य चंचल चौराहा छोर पर चल रहा है, जो बैरागढ़ में सर्वाधिक आवाजाही वाला चौराहा है। कार्य की धीमी गति के कारण यहाँ आसपास के इलाके का कारोबार प्रभावित हो रहा है। स्टेशन चौराहे सहित कई कट प्वाइंट से भी आवाजाही बाधित हो रही है।

व्यापारियों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य की यही स्थिति बनी रही, तो त्यौहारों के दौरान उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

थोक वस्त्र व्यवसाय संघ के अध्यक्ष कन्हैया इसरानी ने बताया कि एलिवेटेड ब्रिज बनने से भविष्य में सुविधा होगी, लेकिन संबंधित कंपनी को निर्माण के दौरान भी व्यापारियों की चिंताओं पर ध्यान देना चाहिए।

संघ ने इस संबंध में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करने की योजना बनाई है।

ब्रिज का निर्माण हलालपुर बस स्टैंड के निकट तक किया गया है, और इसे सीहोर नाका स्थित झूलेलाल विसर्जन घाट के निकट तक विस्तारित करने का प्रस्ताव है।