BREAKING NEWS
2026-08-10

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान: लापरवाह अधिकारियों पर होगी कार्रवाई, भोपाल में विशेष शिविर

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

जनता की शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की तैयारी की गई है। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को पंचशील नगर में एक विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसके संबंध में जिला प्रशासन ने सभी विभागों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों को लंबित शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने तथा समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।

Advertisement

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत यह विशेष शिविर सुबह 10 बजे वार्ड क्रमांक-47, पंचशील नगर लिंक रोड नंबर-तीन स्थित अटल भवन के सामने लगाया जाएगा। नगर निगम के जोन 6 क्षेत्र में आयोजित होने वाले इस शिविर में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।

उल्लेखनीय है कि राज्यव्यापी ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ की शुरुआत डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा में की थी।

कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस शिविर का मुख्य उद्देश्य सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत लंबित प्रकरणों का निराकरण करना है।

प्रशासन ने अधिकारियों को वर्षों से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए हैं। लापरवाही सामने आने पर संबंधितों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

शिविर में केवल शिकायतों की सुनवाई ही नहीं होगी, बल्कि राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, नगरीय प्रशासन और अन्य विभागों द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं की भी समीक्षा की जाएगी। इसमें अविवादित नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, न्यायालयीन आदेशों का राजस्व रिकॉर्ड में अमल, किसानों की फार्मर आईडी, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल किए गए हैं।