बुलंद सोच, शहडोल।

शहडोल जिले के बुढ़ार में मरीजों के इलाज में गंभीर गड़बड़ियां पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को दो अलग-अलग क्लीनिकों पर कार्रवाई करते हुए दोनों को सील कर दिया है। दोनों जगहों से दवाइयां जब्त की गई हैं। यह कार्रवाई स्वास्थ्य विभाग की तीन सदस्यीय संयुक्त टीम ने की।
डॉ. केएन गुप्ता के क्लीनिक पर कार्रवाई
टीम ने सबसे पहले हीरा कॉलोनी के पास स्थित डॉक्टर केएन गुप्ता के क्लीनिक की जांच की। डॉक्टर गुप्ता एक रिटायर्ड सरकारी डॉक्टर हैं। विभाग के अनुसार, क्लीनिक में मरीजों को दवाएं देकर उनका इलाज किया जा रहा था। जांच में पता चला कि डॉक्टर गुप्ता का पंजीयन केवल कंसल्टेंसी के लिए है। क्लीनिक में एक्सपायरी दवाएं भी मिलीं, जिन्हें जब्त कर लिया गया। इसके बाद टीम ने इस क्लीनिक को सील कर दिया।
अभयराज हास्पिटल पर कार्रवाई
इसके बाद टीम ने खैराहा रोड स्थित सरईकापा के अभयराज हास्पिटल में जांच की। यहां कई मरीज भर्ती मिले और कुछ को ड्रिप भी लगी थी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, क्लीनिक संचालक डॉक्टर अभयराज दूसरे डॉक्टर के नाम से मरीजों का इलाज कर रहे थे। जांच में सामने आया कि डॉक्टर अभयराज के पास बीपीटी (बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी) का पंजीयन है। इसके बावजूद वह क्लीनिक में मरीजों को भर्ती कर एलोपैथिक इलाज दे रहे थे। जांच के बाद टीम ने क्लीनिक से संबंधित दवाइयों की जांच की और कार्रवाई के उपरांत उसे भी सील कर दिया।
जांच टीम और आगामी कार्रवाई
यह कार्रवाई डीएचओ-1 डॉ. आर.के. शुक्ला, डीआईओ डॉक्टर अंशुमान सुनारे और बुढ़ार बीएमओ डॉक्टर सचिन कारखुर की संयुक्त टीम ने की। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जांच में मिली गड़बड़ियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

