BREAKING NEWS
2026-10-17

भोपाल में चलती बाइक पर दोस्त ने युवक के सिर में मारी गोली, मौत

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रविवार सुबह दिनदहाड़े एक युवक को उसके दोस्त ने चलती बाइक पर पिस्टल से गोली मार दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार, 21 वर्षीय ताशी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहता था और निजी काम करता था। वह सुबह अपने दोस्त अलीम उर्फ अल्लू और एक अन्य साथी के साथ मछली पकड़ने के लिए जा रहा था।
बाइक पर अलीम पीछे की सीट पर बैठा था, जबकि मृतक ताशी बीच में और उनका तीसरा साथी बाइक चला रहा था। तभी रास्ते में अलीम ने अपने पास रखी पिस्टल ताशी के सिर पर लगाकर गोली चला दी।
गोली लगने के बाद तीनों बाइक से नीचे गिर गए। इस हमले में ताशी की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद अलीम ने अपने साथी को पिस्टल की नोंक पर धमकाया और उसे अपनी गाड़ी पर बैठाकर सिंधी कॉलोनी तक ले गया, जिसके बाद वह फरार हो गया।
बाद में वह युवक मौके पर पहुंचा और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने मृतक का शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Advertisement

पुरानी रंजिश

पुलिस पड़ताल में सामने आया कि मृतक ताशी और अलीम के बीच 15 दिन पहले किसी बात को लेकर मारपीट हुई थी।
हालांकि, बाद में दोनों के बीच आपसी समझाइश के बाद मामला निपट गया था और उन्होंने थाने में किसी तरह की शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।
उसके बाद आरोपी युवक ने अपने दिल में रंजिश पाल ली थी, और उसी के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस कार्रवाई

पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

अन्य घटना

देवास में प्रेम प्रसंग के विवाद में दो दोस्तों पर चाकू से हमला हुआ, जिसमें एक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।