बुलंद सोच, इंदौर।

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौर में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधा। उन्होंने यह निशाना शिक्षा व्यवस्था और राजनीतिक हालात को लेकर साधा। पटवारी ने मुख्यमंत्री से सस्ती शिक्षा सुनिश्चित करने की अपील की और कहा कि उनके पास अब सिर्फ 800 दिन बचे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से जनता से जुड़े असली मुद्दों पर काम करने को कहा। पटवारी ने मुख्यमंत्री को नसीहत देते हुए कहा कि सस्ती एजुकेशन उनकी जवाबदारी है और इस बीच भाजपा वाले ही उन्हें धक्का मारने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को बिना समय बर्बाद किए शिक्षा पर काम करना चाहिए, क्योंकि कुर्सी के ये दिन कब निकल जाएंगे, पता भी नहीं चलेगा।
'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की घोषणा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने यह भी घोषणा की कि आने वाले समय में पूरे प्रदेश के हर जिले में छात्रों और अभिभावकों के साथ मिलकर ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम कांग्रेस के बैनर तले नहीं होगा। उन्होंने बताया कि इसमें अभिभावकों और छात्रों का सीधा सहयोग लिया जाएगा। पटवारी ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार अब डरे और छात्रों से जुड़े असली मुद्दों पर काम करना शुरू करे।
मिमिक्री विवाद पर स्पष्टीकरण
हालिया आयोजनों में मिमिक्री को लेकर उठे विवाद पर जीतू पटवारी ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का उद्देश्य किसी भी व्यक्ति का अपमान करना या ठेस पहुंचाना नहीं है। पटवारी ने बताया कि मंच पर कोई मिमिक्री आर्टिस्ट आता है, तो वह केवल दर्शकों के मनोरंजन के लिए होता है और इसे किसी अन्य रूप में नहीं लिया जाना चाहिए।

