BREAKING NEWS
2026-08-12

शहडोल में तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, शहडोल।

जिले के अमलाई थाना क्षेत्र के गाड़ाघाट के पास दफाई में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। पुरानी अमराडंडी निवासी विक्रम सिंह गोंड के बेटे विवेक सिंह गोंड (14) और बारिश सिंह गोंड (10) खेलते हुए तालाबनुमा गड्ढे के पास पहुंचे थे। दोनों नहाने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान विवेक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बड़े भाई को परेशानी में देखकर बारिश उसे बचाने के लिए पानी में कूद गया। हालांकि, वह भी गहराई में चला गया और कुछ ही देर में दोनों भाई पानी में डूब गए।

Advertisement

पुलिस जांच जारी

आसपास मौजूद लोगों ने घटना देखकर शोर मचाया और दोनों बच्चों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर अमलाई पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल की स्थिति और हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

परिवार को आर्थिक सहायता

दो बेटों की एक साथ मौत से विक्रम सिंह गोंड के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है। कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने मृतक परिवार को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की बात कही है। उन्होंने हादसे पर गहरा दुख भी व्यक्त किया।