मध्य प्रदेश में आज 103 पंचायत पदों के लिए मतदान हो रहा है। प्रदेश में पंच, सरपंच, जनपद पंचायत और जिला पंचायत सदस्यों के कुल 4,235 पदों पर उपचुनाव होने थे। इनमें से 604 पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए, जबकि बड़ी संख्या में पदों पर नामांकन दाखिल नहीं हुए। सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए भी मतदान जारी है, जहाँ बीजेपी के प्रदीप सोनी और कांग्रेस के विष्णु पाटीदार आमने-सामने हैं। मतगणना 3 और 5 अक्टूबर को होगी।
अनूपपुर के जैतहरी थाना क्षेत्र में सोन नदी के दूधिया घाट पर मछली पकड़ने गए 45 वर्षीय शिक्षक महेंद्र रैदास को एक अजगर पानी में खींच ले गया। महेंद्र रैदास जैतहरी के शासकीय मॉडल स्कूल में पदस्थ हैं। रविवार को हुई इस घटना के बाद जैतहरी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस क्षेत्र में लंबे समय से एक विशाल अजगर सक्रिय है, जिसने पहले भी मवेशियों का शिकार किया है। शिक्षक की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है, और क्षेत्र में भय का माहौल है।