राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र हितग्राहियों को अगस्त और सितंबर का राशन उचित मूल्य की दुकानों से एक साथ मिलेगा। खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने 15 अगस्त तक भंडारण और 31 अगस्त तक वितरण के निर्देश दिए हैं। वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन, जीपीएस निगरानी और अनियमितताओं पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। अंत्योदय परिवारों को 35 किलोग्राम और प्राथमिकता परिवारों को प्रति सदस्य 5 किलोग्राम राशन के साथ एक किलोग्राम नमक भी मिलेगा।
भोपाल में 198 पेट्रोल पंपों की जांच के लिए गठित 8 दलों में से गोविंदपुरा वृत्त के दल ने मेसर्स दम्मो फिलिंग स्टेशन पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राहकों को पानी मिला डीजल बेचा जा रहा था, जिसके बाद 9,787 लीटर डीजल जब्त कर चार नोजल सील कर दिए गए। जांच में 3,000 लीटर अतिरिक्त पेट्रोल भंडारण, दोनों प्रकार के पेट्रोल में 20% इथेनॉल बिना ई-20 जानकारी चस्पा किए और वाटर कूलर में गंदगी जैसी अनियमितताएं भी मिलीं। इंडियन ऑयल के एरिया सेल्स अधिकारी और क्षेत्रीय नापतौल निरीक्षक ने जांच में सहयोग नहीं किया।