BREAKING NEWS

Latest News

AAIB ने दिसंबर के दो ट्रेनी विमान हादसों की शुरुआती जांच रिपोर्ट जारी की

एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने पिछले साल दिसंबर में मध्य प्रदेश में हुए दो ट्रेनी एयरक्राफ्ट क्रैश की शुरुआती जांच रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट के अनुसार, 8 दिसंबर को सिवनी में रेडबर्ड अकेडमी का विमान इंजन आरपीएम में गिरावट के कारण बिजली के तारों से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। वहीं, 10 दिसंबर को सागर के ढाना में चाइम्स एविएशन का सेसना-172S विमान ‘गो-अराउंड’ के दौरान थ्रॉटल बढ़ाने पर अनियंत्रित होकर गिरा। दोनों हादसों में कोई जनहानि नहीं हुई।

खजुराहो एयरपोर्ट देश का नंबर-1, जुलाई-अगस्त में नहीं हुई एक भी कमर्शियल उड़ान

मध्यप्रदेश का खजुराहो एयरपोर्ट एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के नवीनतम ग्राहक संतुष्टि सूचकांक में देश का सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट घोषित किया गया है। यह उपलब्धि तब मिली है जब जुलाई और अगस्त माह के दौरान यहां एक भी कमर्शियल उड़ान संचालित नहीं हुई। 1 जुलाई से दिल्ली और वाराणसी के लिए चलने वाली नियमित उड़ानें बंद हैं, जिससे एयरपोर्ट का रनवे शांत पड़ा है। इस विरोधाभासी स्थिति ने एविएशन सेक्टर में सर्वे की प्रक्रिया और उसके मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। द्विवार्षिक रिपोर्ट में खजुराहो ने कई बड़े हवाई अड्डों को पीछे छोड़ा है।

केंद्र सरकार एविएशन सेक्टर के नियमों में बदलाव की तैयारी में, नई एयरलाइनों की एंट्री होगी आसान

केंद्र सरकार एविएशन सेक्टर में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है, जिसका उद्देश्य नई एयरलाइनों की एंट्री आसान बनाना, प्रतिस्पर्धा बढ़ाना और निजी निवेश को बढ़ावा देना है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय लाइसेंस प्रक्रिया, पायलटों की उपलब्धता और स्वामित्व से संबंधित नियमों की समीक्षा कर रहा है। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने से पहले घरेलू रूट पर 20 विमान या बेड़े का 20% चलाने के 0/20 नियम में भी बदलाव पर विचार किया जा रहा है। सरकार नई कंपनियों के लिए बाधा बनने वाले नियमों को आसान बनाना चाहती है, हालांकि सुरक्षा और वित्तीय नियमों में कोई ढील नहीं दी जाएगी।