BREAKING NEWS

Latest News

खजराना के पूर्व टीआई दिनेश वर्मा गंभीर अनियमितताओं में दोषी, पुलिस कमिश्नर ने एसआई बनाया

इंदौर के खजराना थाना के पूर्व टीआई दिनेश वर्मा को ‘पाकेट गवाह’ मामले में गंभीर अनियमितताओं का दोषी पाया गया है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने उन्हें तीन वर्षों के लिए निरीक्षक से उप निरीक्षक पद पर पदावनत करने का आदेश दिया। वर्मा पर आरोप है कि उन्होंने 2020 से 2023 के बीच 742 मामलों में इरशाद और 504 मामलों में नवीन नामक व्यक्तियों को बार-बार गवाह बनाया, जिनमें हत्या, दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराध शामिल थे। जांच में उनके द्वारा पुलिस रेगुलेशन के उल्लंघन और विवेचना की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होने की बात सामने आई है। वर्मा के बचाव तर्कों को असंतोषजनक पाया गया है।

मध्य प्रदेश पुलिस की पदोन्नति सूची में मृत राकेश सिंह बघेल का नाम शामिल

मध्य प्रदेश पुलिस की कार्यवाहक उप निरीक्षक पदोन्नति सूची में दिवंगत पुलिसकर्मी राकेश सिंह बघेल का नाम शामिल होने से विभागीय लापरवाही उजागर हुई है। पिछले वर्ष बीमारी के कारण निधन के बावजूद उनका नाम सूची में होने से रिकॉर्ड सत्यापन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठे हैं। इस सूची में 2035 पुलिसकर्मियों को कार्यवाहक उप निरीक्षक (एएसआई से कार्यवाहक एसआई) के पद पर पदोन्नति दी गई थी। इस प्रशासनिक चूक के सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और रिकॉर्ड सत्यापन प्रक्रिया पर प्रश्नचिन्ह लग गया है।