पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने नागदा-गोधरा रेलखंड पर 302 रूट किलोमीटर में स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ को पूरी तरह से लागू कर दिया है। 20 जुलाई को पंचपिपलिया-मंगल महुड़ी के 78 रूट किलोमीटर पर सफल कमीशनिंग के साथ यह प्रणाली अब पूरे खंड पर कार्यशील है। यह दिल्ली-मुंबई उच्च घनत्व रेल मार्ग पर यात्री सुरक्षा को मजबूत करने और ट्रेनों की अधिकतम गति 160 किमी प्रति घंटे तक बढ़ाने के मिशन रफ्तार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मुंबई के लाखों लोकल ट्रेन यात्रियों को जल्द ही बड़ी राहत मिलेगी क्योंकि रेलवे ‘कवच 5.0’ स्वदेशी ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम लागू कर रहा है। इसके तहत लोकल ट्रेनों के बीच का अंतर तीन मिनट से घटकर दो मिनट हो जाएगा, जिससे प्रतिदिन ट्रेनों की संख्या 3,000 से बढ़कर 4,000 तक पहुंचाई जा सकेगी। यह प्रणाली सुरक्षा में भी उल्लेखनीय सुधार करेगी, स्वचालित रूप से ब्रेकिंग लगाकर टक्करों को रोकेगी और कम दृश्यता में भी कार्य करेगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अप्रैल 2025 में इसकी घोषणा की थी।