BREAKING NEWS

Latest News

इंदौर हाई कोर्ट ने वाट्सएप मैसेज को मृत्युपूर्व कथन मानकर तीन आरोपितों की जमानत याचिकाएं खारिज कीं

मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने आत्महत्या के लिए उकसाने के एक मामले में तीन आरोपितों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दीं। कोर्ट ने मृतक संतोष उर्फ लखन औी द्वारा अपने पिता को भेजे गए वाट्सएप मैसेज को महत्वपूर्ण “मृत्युपूर्व कथन” माना। न्यायमूर्ति जय कुमार पिल्लई ने धार के विशेष न्यायालय के 27 जुलाई के आदेश को बरकरार रखा। आरोपितों करण जाट, धर्मेंद्र जाट और उमेश जाट पर कृषि भूमि विवाद में मृतक को परेशान करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। हाई कोर्ट ने वाट्सएप मैसेज और मृतक के परिवार के सदस्यों के बयानों को महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए आरोपितों की दलीलों को अस्वीकार कर दिया।

मंत्री गोविंद सिंह पर संपत्ति छिपाने के आरोप वाली याचिका पर हाईकोर्ट का फैसला सुरक्षित

मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री गोविंद सिंह के खिलाफ चुनावी हलफनामे में लगभग 100 करोड़ रुपये की संपत्ति छिपाने के आरोप वाली याचिका पर हाईकोर्ट ने सुनवाई पूरी कर फैसला सुरक्षित रख लिया है। याचिकाकर्ता राजकुमार पटेल ने मांग की है कि गलत संपत्ति जानकारी देने के आधार पर गोविंद सिंह का निर्वाचन शून्य घोषित किया जाए। सुनवाई कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश विवेक रूसिया और न्यायमूर्ति प्रदीप मित्तल की खंडपीठ ने की। याचिका में आरोप है कि विधायक गोविंद सिंह ने अपनी पत्नी और अन्य परिवार के सदस्यों के नाम पर दर्ज भूमि का उल्लेख नहीं किया।

वेटरनरी विवि में तेंदुए के इलाज पर सवाल, 16 दांत टूटे

नरसिंहपुर से रेस्क्यू कर ‘स्कूल ऑफ वाइल्डलाइफ फॉरेंसिक एंड हेल्थ’ में लाई गई एक मादा तेंदुए के उपचार पर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि तीन महीने के इलाज के दौरान उसके 16 दांत टूट गए, जिससे वह शिकार करने और भोजन करने में असमर्थ है। एडवोकेट डॉ. दीपा कुलश्रेष्ठ ने कानूनी नोटिस भेजा है, जिसमें संस्थान की मान्यता और इलाज की प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए हैं। वेटरनरी विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जांच के लिए एक विशेष समिति गठित की है।

सिंधिया राजघराने की 40 हजार करोड़ संपत्ति विवाद में कैविएट से बढ़ी जटिलता, आज अहम सुनवाई

ग्वालियर के सिंधिया राजघराने की लगभग 40 हजार करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति के विवाद में मंगलवार को जिला न्यायालय में महत्वपूर्ण सुनवाई होगी। इस सुनवाई में प्रस्तावित महासमझौते, उत्तराधिकार और ज्येष्ठाधिकार के कानूनी पहलुओं पर विचार किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की बड़ी बुआ की पुत्री प्रतिमा देवी ने कैविएट दायर कर मामले में नया कानूनी पेच डाल दिया है। उन्होंने अपने वैधानिक अधिकार प्रभावित होने का दावा करते हुए अपना पक्ष सुने बिना कोई अंतिम आदेश पारित न करने की मांग की है। विवादित संपत्तियों में जयविलास पैलेस प्रमुख है।

भोपाल गैस त्रासदी: यूनियन कार्बाइड संयंत्र क्षेत्र के भूजल की फिर होगी वैज्ञानिक जांच, हाई कोर्ट का आदेश

भोपाल गैस त्रासदी से जुड़े मामले में जबलपुर हाई कोर्ट ने यूनियन कार्बाइड संयंत्र के आसपास भूजल के दूषित होने के आरोपों को गंभीरता से लिया है। न्यायालय ने मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण मंडल (MPPCB) को विशेषज्ञ समिति गठित कर मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला से भूजल के नमूनों की वैज्ञानिक जांच कराने और 13 अगस्त तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। यह आदेश वर्ष 2004 से लंबित जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान दिया गया, जिसमें हस्तक्षेपकर्ताओं ने स्थानीय निवासियों के स्वास्थ्य पर खतरे की शिकायतें उठाई थीं। मामले की अगली सुनवाई तीन सितंबर को होगी।

मीनाक्षी नटराजन ने राज्यसभा नामांकन रद्द होने के खिलाफ हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दायर की

कांग्रेस नेत्री मीनाक्षी नटराजन ने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में राज्यसभा चुनाव में अपना नामांकन रद्द होने के खिलाफ चुनाव याचिका दायर की है। उनका आरोप है कि तेलंगाना कोर्ट के समन के आधार पर उनका नामांकन नियम विरुद्ध तरीके से निरस्त किया गया, क्योंकि उनके खिलाफ कोई विशिष्ट आपराधिक आरोप नहीं थे, और समन केवल उनका पक्ष जानने के लिए जारी किए गए थे। भाजपा की आपत्ति के बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने उनका नामांकन रद्द किया था। नटराजन ने पहले चुनाव आयोग और फिर सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था, जहां उन्हें चुनाव याचिका दायर करने की स्वतंत्रता मिली थी। मामले की सुनवाई इसी सप्ताह होने की संभावना है।