BREAKING NEWS

Latest News

चलती काशी एक्सप्रेस में यात्री से मोबाइल छीना, लोहे की रॉड से हमला

काशी एक्सप्रेस (15018) में चलती ट्रेन से एक यात्री का मोबाइल छीनने की घटना सामने आई है। मानिकपुर स्टेशन पार करने के बाद डबरा के पास ट्रैक किनारे खड़े एक व्यक्ति ने लोहे की रॉड से हमला कर वाराणसी निवासी पवन (24) का मोबाइल छीन लिया। इस हमले में पवन की दो अंगुलियां घायल हो गईं। शनिवार शाम करीब 6 बजे हुई इस घटना के बाद पवन को मैहर के सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। पीड़ित ने मैहर जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।

काशी एक्सप्रेस में नकली टीटीई गिरफ्तार, यात्रियों से कर रहा था वसूली

रेलवे सतर्कता विभाग ने ट्रेन 15018 काशी एक्सप्रेस में एक फर्जी टीटीई को यात्रियों से अवैध वसूली करते हुए पकड़ा है। सोहागपुर निवासी 54 वर्षीय अरुण कुमार यादव जबलपुर मंडल की ट्रेनों में खुद को टीटीई बताकर उगाही कर रहा था। उसके पास से दो नकली रेलवे सील, फर्जी पहचान पत्र, रसीद बुक, ₹3500 नकद और गन जैसी दिखने वाली लाइटर जब्त की गई। विजिलेंस टीम ने शिकायतें मिलने के बाद योजना बनाकर मंगलवार देर रात सोहागपुर और बागरा स्टेशन के बीच उसे पकड़ा। आरोपी को आरपीएफ के हवाले कर दिया गया है और आगे की जांच जारी है।