BREAKING NEWS

Latest News

इंदौर में गोवर्धन और गोपी श्री ब्रांड का 1.5 करोड़ रुपये से अधिक का घी सील

पिछले दस दिनों में भोपाल, डिंडोरी सहित अन्य शहरों से 12 घी ब्रांड के सैंपल प्रयोगशाला में मानव स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित पाए गए हैं। इसी क्रम में, इंदौर में एफएसएसएआई और खाद्य विभाग ने गोवर्धन और गोपी श्री ब्रांड के गोडाउन सील किए, जहां से 1.5 करोड़ रुपये से अधिक का घी जब्त किया गया। गोवर्धन ब्रांड के 20 और गोपी श्री के 4 नमूने जांच हेतु लिए गए हैं। पूर्व में भोपाल में मिलावटी घी भी जब्त हुआ था। हालांकि, बाजार में इस घी की बिक्री अभी भी जारी है।

गोवर्धन, द्वारकेश और धौलपुर फ्रेश घी के नमूने FSSAI मानकों पर खरे नहीं उतरे

भोपाल में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में गोवर्धन प्योर काउ घी, द्वारकेश घी और धौलपुर फ्रेश प्रीमियम क्वालिटी देसी घी के नमूने एफएसएसएआइ मानकों पर खरे नहीं उतरे। अधिकृत प्रयोगशाला रिपोर्ट के अनुसार, द्वारकेश घी में वनस्पति तेल के संकेत मिले, जबकि गोवर्धन प्योर काउ घी में सीसा निर्धारित सीमा से लगभग 12 गुना अधिक पाया गया। धौलपुर फ्रेश प्रीमियम क्वालिटी देसी घी में तिल के तेल की मौजूदगी और सीसे की मात्रा तय सीमा से करीब 14.8 गुना अधिक मिली। विभाग संबंधित कंपनियों और विक्रेताओं पर कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।

गुरु पूर्णिमा पर मथुरा जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़, ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों में जगह नहीं

गुरु पूर्णिमा से दो दिन पहले ही ग्वालियर से मथुरा जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। गिर्राजजी की परिक्रमा के लिए देशभर से हजारों श्रद्धालु मथुरा और गोवर्धन पहुंचते हैं। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर मथुरा जाने वाली ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं बची है। रविवार को कई यात्रियों को ट्रेन के टॉयलेट में बैठकर सफर करना पड़ा। ट्रेनों में चेन पुलिंग और यात्रियों के बीच झगड़े की घटनाएं भी सामने आईं, जिसके बाद रेल सुरक्षा बल (RPF) के जवानों ने स्थिति संभाली। शाम और रात की ट्रेनों में विशेष भीड़ देखी जा रही है, जिससे आरक्षित यात्रियों को भी असुविधा हुई।