इंदौर में एक महिला को पार्ट टाइम नौकरी के नाम पर 10 लाख आठ हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाया गया है। पीड़िता अनु इति जैन ने इंस्टाग्राम पर विज्ञापन देखा था, जिसके बाद उन्हें टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया। होटल-रेस्टोरेंट की रेटिंग देने के बदले कमीशन का झांसा देकर उनसे विभिन्न खातों में निवेश के नाम पर राशि जमा करवाई गई। शुरुआत में कुछ राशि लौटाकर भरोसा जीता गया, लेकिन बाद में कुल 10 लाख आठ हजार रुपए ठग लिए गए। एरोड्रम पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भोपाल में साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं। बागसेवनिया निवासी विष्णु शुक्ला से टेलीग्राम पर जॉब ऑफर के नाम पर 7.78 लाख रुपये की ठगी हुई, जिसमें उनके दोस्तों और परिजनों के खातों का भी उपयोग किया गया। एक अन्य मामले में, बागसेवनिया की रीना कचेर के बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से फोन हैक करके 50 हजार रुपये निकाल लिए गए। इसी क्षेत्र के अनु आशीष पवार के साथ भी ऐसी ही घटना हुई, जब उनके मोबाइल अपडेट के दौरान हैकर्स ने उनके आईडीबीआई बैंक खाते से 82 हजार रुपये उड़ा लिए। पुलिस तीनों मामलों की जांच कर रही है।