ग्वालियर में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय ने ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत देशव्यापी 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज ही स्वस्थ राष्ट्र की नींव है और युवाओं को सकारात्मक भविष्य के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया। अभियान का लक्ष्य सामूहिक प्रयासों से नशामुक्त भारत का निर्माण करना है।
बड़वानी पुलिस का “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” नशामुक्ति अभियान वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हो गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में और पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के 16,700 विद्यार्थियों ने नशामुक्ति विषय पर चित्र और स्लोगन तैयार किए, जिससे जन-जन तक महत्वपूर्ण संदेश पहुंचा। इस उपलब्धि के लिए पुलिस अधीक्षक शुक्ल को बावनगजा में मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन ने इस पहल को सराहनीय और प्रेरणादायी बताया।