पशुपालन विभाग में हुए तबादलों को लेकर पशु चिकित्सकों और सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों में नाराजगी है। उन्होंने मंगलवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर तबादलों की जांच की मांग की। अधिकारियों का आरोप है कि स्थानांतरण नीति का पालन नहीं किया गया और प्रशासनिक आवश्यकता के नाम पर मनमानी से पोस्टिंग की गई। ज्ञापन में गंभीर बीमारी, दिव्यांगता और पति-पत्नी की पदस्थापना जैसी परिस्थितियों की अनदेखी का भी उल्लेख है। कुल 166 स्थानांतरण विवादों में हैं, जिनकी शासन जांच कर रहा है। स्थानांतरण अवधि के दौरान लखन पटेल विभाग के मंत्री थे, जिनसे हाल ही में यह विभाग वापस ले लिया गया है।