बंगलूरू की परप्पना अग्रहारा केंद्रीय जेल में सीसीबी की छापेमारी के दौरान पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना की बैरक से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किया गया। इस मामले में शिकायत दर्ज कर एफआईआर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में सहायक अधीक्षक श्री इरन्ना रंगपुर को निलंबित किया गया है, जबकि बंगलूरू केंद्रीय कारागार के अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। पुलिस महानिदेशक आलोक कुमार ने बुधवार को यह जानकारी दी। प्रज्वल रेवन्ना को यौन उत्पीड़न के मामलों में दोषी ठहराया गया है और उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है।
जबलपुर में सौ करोड़ रुपये से अधिक के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तार आरटीओ विभाग के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। न्यायमूर्ति अजय कुमार निरंकारी की एकलपीठ ने ईडी की जांच पूरी होने, चालान पेश होने, आरोप तय होने और आरोपी के 16 माह से न्यायिक हिरासत में होने तथा सुनवाई में लगने वाले समय को आधार बनाया। इससे पूर्व हाईकोर्ट दो बार उसकी नियमित जमानत याचिका खारिज कर चुका था। ईडी ने जमानत का विरोध करते हुए इसे गंभीर आर्थिक अपराध बताया था, लेकिन अदालत ने शर्तों के साथ जमानत मंजूर की।
मध्य प्रदेश के करोड़ों के फोर्टिफाइड चावल घोटाले की जांच अब भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) तक पहुंच गई है। एसआईटी ने एफसीआई बालाघाट के सहायक ग्रेड-एक सुरेंद्र सूर्यवंशी और संचेती राइस मिल के मैनेजर को गिरफ्तार किया है। दोनों को पांच अगस्त तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। सूर्यवंशी पर राइस मिल संचालकों और एथनाल प्लांट के बीच चावल की हेराफेरी में मध्यस्थता करने और पैसों के लेनदेन का जिम्मा संभालने का आरोप है। इस मामले में कुल 17 आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि चार फरार हैं।
त्विषा शर्मा मौत मामले में रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह की न्यायिक हिरासत भोपाल जिला और सत्र न्यायालय द्वारा 11 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। अदालत ने सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) को भी 11 अगस्त तक अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। सीबीआई ने जांच के अंतिम चरण में होने का हवाला देते हुए अतिरिक्त समय की मांग की थी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। त्विषा 12 मई को अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं, जिसके बाद गिरीबाला सिंह और समर्थ सिंह को दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।