मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने सहायक प्राध्यापक-2024 के अर्थशास्त्र विषय के साक्षात्कार का परिणाम महज 24 घंटे के भीतर जारी कर एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। आयोग ने गुरुवार देर रात यह अंतिम परिणाम अपने पोर्टल पर अपलोड किया। इस त्वरित कार्रवाई से चयनित अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है, क्योंकि अब उन्हें 2 अगस्त 2025 को होने वाली सहायक प्राध्यापक-2025 की दूसरे चरण की परीक्षा में शामिल नहीं होना पड़ेगा। कुल 130 पदों के लिए 400 से अधिक अभ्यर्थियों को साक्षात्कार हेतु बुलाया गया था, जिनमें से 112 पदों पर चयन सूची जारी की गई है और 38 अभ्यर्थी प्रतीक्षा सूची में हैं।
महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में नीट छात्रा अंकिता सांगले ने कम अंक आने से परेशान होकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। जलालपुर गांव स्थित अपने घर में वह फंदे से लटकी मिलीं। परिजनों ने बताया कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट में केवल 166 अंक आने के बाद वह तनाव में थीं। पुलिस को मौके से एक मराठी सुसाइड नोट मिला, जिसमें अंकिता ने परिजनों के प्यार और त्याग का जिक्र करते हुए अपनी असफलता के लिए खुद को जिम्मेदार बताया। उन्होंने भाई से माता-पिता का ख्याल रखने की अपील की। पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है।