BREAKING NEWS

Latest News

श्यामू हाथी महाकाल सवारी में सेवा का एक दशक करेगा पूरा

भगवान महाकाल की 10 अगस्त को निकलने वाली श्रावण मास की दूसरी सवारी में श्यामू हाथी अपनी सेवा का एक दशक पूरा करेगा। श्यामू 2016 में पहली बार शामिल हुआ था। सवारी वाले दिन वह सुबह से उपवास रखेगा, मंदिर रवाना होने से पहले फलाहार करेगा, जिसमें ककड़ी, तरबूज, केले और पपीता शामिल हैं। महाकाल मंदिर पहुंचने पर उसकी पीठ पर चांदी का हौदा सजाया जाएगा। श्यामू के मालिक श्रवण गिरी महाराज ने बताया कि कुछ लोगों ने उसे शहर से बाहर भेजने का षड्यंत्र किया था, लेकिन उसे सेवा का अवसर फिर मिला।

ग्वालियर चिड़ियाघर: उमस और गर्मी के कारण बाघिन मीरा के शावकों का दीदार टला

ग्वालियर के गांधी प्राणी उद्यान में सफेद बाघिन मीरा के साढ़े तीन महीने के तीन स्वस्थ शावकों को देखने के लिए पर्यटकों को अभी और इंतजार करना होगा। पहले कैनाइन डिस्टेंपर वायरस के खतरे के कारण शावकों को आइसोलेशन में रखा गया था, अब लगातार उमस और गर्मी उनके बाहरी बाड़े में आने की राह में बाधा बन रही है। चिड़ियाघर प्रबंधन के अनुसार, छोटे शावकों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है, जिससे गर्मी और उमस में संक्रमण का जोखिम बढ़ सकता है। मौसम अनुकूल होने पर ही उन्हें धीरे-धीरे बाहरी बाड़े में लाया जाएगा।