झाबुआ के पेटलावद में एक भाजपा नेता पर महिला के साथी की हत्या और महिला से मारपीट का आरोप लगा है। शनिवार देर रात अटल बस्ती में करीब 5 लोगों ने एक घर में घुसकर महिला भूली बाई से मारपीट की। बीच-बचाव करने आए उसके साथी हरिराम को पीट-पीटकर मार डाला गया। भूली बाई ने बताया कि मुख्य आरोपित भाजपा नेता देवा सिंगाड़ से उसका 14 साल पुराना संपर्क था, लेकिन पिछले एक साल से उसने दूरी बना ली थी। इसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस ने देवा सिंगाड़ और अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने पेटलावद का दौरा किया और किसानों को संगठित रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसान अपनी पंचायतों के लिए प्रशासन से अनुमति न लें, बल्कि केवल सूचना दें, क्योंकि अनुमति मांगने से कार्यक्रम निरस्त हो सकते हैं। टिकैत ने झाबुआ-पेटलावद को संघर्षों की भूमि बताते हुए किसानों से एकजुट होकर समस्याओं का समाधान करने का आह्वान किया। उन्होंने किसान दिवस पर संबंधित अधिकारियों से सीधे संवाद करने और फोरलेन प्रभावित किसानों को उचित मुआवजे की मांग की।