मेघालय स्टेट पोल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के कार्यालय पर सोमवार दोपहर दो अज्ञात नकाबपोशों ने पेट्रोल बम फेंके। इस हमले में कोई हताहत या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ। बोर्ड के एक अधिकारी ने पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसके बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधीक्षक डांगसन ख्य्रीम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है और संदिग्धों की तलाश जारी है। यह हमला ईस्ट जयंतिया हिल्स जिले में प्रस्तावित चूना पत्थर खनन परियोजना पर जन सुनवाई के कुछ दिन बाद हुआ, हालांकि पुलिस ने इसे जन सुनवाई से जोड़ना जल्दबाजी बताया है।
मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई 35 मौतों के बाद जल स्रोतों की निगरानी और संरक्षण के लिए बड़ा कदम उठाया है। राज्य के सभी 55 जिलों के डिस्ट्रिक्ट एनवायरनमेंट प्लान में संशोधन किया गया है। इंदौर में वॉटर क्वालिटी मॉनिटरिंग सेल बनेगी, जो नदियों, नालों और तालाबों की निगरानी कर हेल्थ रिपोर्ट कार्ड बनाएगी। नौ प्रमुख बिंदुओं पर कार्ययोजना बनी है, जिसमें भूजल, सतही जल और दूषित पानी का उपचार शामिल है। यह योजना 12 से 24 महीनों में लागू होगी।
राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने नदियों में दूध अर्पित करने को आस्था का विषय बताया है और इस पर प्रतिबंध से इनकार किया। हालांकि, एनजीटी ने चेतावनी दी कि हजारों लीटर दूध प्रवाहित करने से जल पारिस्थितिकी प्रभावित हो सकती है, इसलिए आस्था और पर्यावरण संरक्षण में संतुलन आवश्यक है। यह आदेश सीहोर जिले में नर्मदा नदी में 11 हजार लीटर दूध बहाने की घटना के बाद आया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट में तत्काल गंभीर दुष्प्रभाव नहीं पाए गए, लेकिन विशेषज्ञों ने भविष्य में बायोलॉजिकल ऑक्सीजन डिमांड बढ़ने से जलीय जीवों को खतरे की आशंका जताई।