देवास जिले के उदयनगर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के विवाद में तीन आरोपियों ने दो दोस्तों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में 18 वर्षीय अजय चौहान की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उसका दोस्त कान्हा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार, विवाद एक युवती से संपर्क के चलते उपजा था। वारदात शनिवार देर रात अंजनपुरा में सरकारी स्कूल के समीप हुई। पुलिस ने राजू, बिरजू और रोहित नामक तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।