महाराष्ट्र सरकार ने बच्चों में बेहतर खान-पान को बढ़ावा देने के लिए स्कूलों के अंदर और 50 मीटर के दायरे में जंक फूड की बिक्री, मुफ्त वितरण और प्रचार पर प्रतिबंध लगा दिया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) आयुक्त तुकाराम मुंढे ने घोषणा की कि यह नियम राज्य के 1.08 लाख स्कूलों और 2 करोड़ छात्रों पर लागू होगा, जिसमें वड़ा पाव, समोसा, चिप्स जैसे खाद्य पदार्थ प्रतिबंधित हैं। यह ‘सुरक्षित भोजन-सुरक्षित महाराष्ट्र’ अभियान का हिस्सा है। स्कूलों को खाद्य सुरक्षा सूचना बोर्ड लगाने, पर्यवेक्षक नियुक्त करने और ‘ईट राइट स्कूल’ अभियान लागू करने होंगे।
पन्ना जिले के ग्राम अकला में तीन माह की मासूम रचना गोंड की टीकाकरण के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है, उनका कहना है कि टीका लगने के बाद बच्ची को तेज बुखार आया और समय पर उपचार नहीं मिला। हालांकि, एएनएम आरती अहिरवार ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बच्ची उल्टी-दस्त से पीड़ित थी और इलाज में देरी से उसकी जान गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।