इंदौर जिला प्रशासन कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए दो विशेष पड़ाव स्थल विकसित कर रहा है। ये पड़ाव स्थल खंडवा रोड पर बाईग्राम और उज्जैन रोड पर सांवेर के ग्राम राजोदा में होंगे। यहां ठहरने, भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। कलेक्टर शिवम वर्मा ने बाईग्राम स्थित पड़ाव स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यात्रा मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था और प्रभावी यातायात प्रबंधन के भी निर्देश दिए गए हैं।