सतना जिले के मझगवां स्थित सांदीपनि विद्यालय में गुरुवार को कक्षा सात का छात्र सुजीत प्रजापति खेलते-खेलते विद्यालय की छत पर पहुंच गया। वहां से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझगवां ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई। विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र प्रसाद उपाध्याय ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा उपाय किए जाने की बात कही है।
भिंड के नयागांव थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम कूलर ठीक करते समय 62 वर्षीय तौफीक खान की करंट लगने से मौत हो गई। तौफीक खान अपने घर पर कूलर की मरम्मत कर रहे थे, जब बिजली के बोर्ड में लगे तार के छिले हिस्से को मुंह से साफ करते समय उन्हें अचानक बिजली का झटका लगा। स्वजन उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तौफीक खान अहमदाबाद में मजदूरी करते थे और आठ दिन पहले ही घर लौटे थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।