राष्ट्रपति भवन में १५ अगस्त के स्वतंत्रता दिवस ‘एट होम’ समारोह में अतिथियों का स्वागत महेश्वर के हाथ से बुने महेश्वरी स्टॉल से किया जाएगा। ये स्टॉल मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा और छत्तीसगढ़ की वस्त्र कला का संगम दर्शाते हैं। इसके अतिरिक्त, नगर के शिल्पकार कमल गौड़ को उनकी विशेष कृति ‘मछुआरों के जाल से महेश्वरी धागों तक’ के लिए ७ अगस्त को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा राष्ट्रीय हस्तशिल्प पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह महेश्वर के लिए दोहरी उपलब्धि है, जिससे महेश्वरी बुनाई को देश-विदेश में नई पहचान मिलने की उम्मीद है। महेश्वर-कुक्षी में हैंडलूम व क्राफ्ट टूरिज्म विलेज भी बनेंगे।