BREAKING NEWS

Latest News

बड़ा तालाब संरक्षण मामले में एनजीटी ने भारत भवन ट्रस्ट को नोटिस जारी किया

नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने भोपाल की रामसर साइट बड़ा तालाब के संरक्षण पर सख्त रुख अपनाया है। पर्यावरणीय उल्लंघनों के आरोपों वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए एनजीटी की सेंट्रल जोन बेंच ने भारत भवन ट्रस्ट को मामले में पक्षकार बनाया और छह सप्ताह में जवाब देने का निर्देश दिया। याचिका में भोज वेटलैंड के 50 मीटर बफर जोन में 2002 से ब्लास्टिंग, अवैध खुदाई और पेड़ों की कटाई जैसे नियमों के विपरीत गतिविधियों का आरोप है, जिससे झील के जलग्रहण क्षेत्र और जैव विविधता को नुकसान पहुंच रहा है।

पद्म विभूषण तीजनबाई की कलात्मक विरासत मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय में संरक्षित होगी

पद्म विभूषण तीजनबाई की अद्वितीय कलात्मक विरासत को अब मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय में स्थायी रूप से संरक्षित किया जाएगा। संस्कृति विभाग ने उनके जीवन, कला और उपलब्धियों से जुड़ी दुर्लभ स्मृतियों को सहेजने की प्रक्रिया तेज कर दी है। मध्य प्रदेश जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी उनके देश-विदेश में हुए प्रदर्शनों के आडियो-वीडियो, दुर्लभ तस्वीरें और निजी वस्तुओं का विशेष संग्रह तैयार कर रही है। पंडवानी गायन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने वाली तीजनबाई ने पारंपरिक शैली को नया आयाम दिया था। भोपाल से उनका गहरा रिश्ता रहा, जहां उन्होंने 1983 में पहली और 2023 में अंतिम प्रस्तुति दी थी।