इंदौर जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची से बाहर हुए 4,47,123 मतदाताओं को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर फिर से खोजा जाएगा। जिले के 3226 बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) इन मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। पात्र पाए जाने वाले नामों को दोबारा मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा। एसआईआर से पहले 28,67,294 मतदाता थे, जो प्रारंभिक सूची में 24,20,171 रह गए थे। वर्तमान में जिले में 25,02,563 मतदाता हैं। इस अभियान में दावे-आपत्तियां भी बुलाई जाएंगी।
भारत निर्वाचन आयोग ने तेलंगाना और ओडिशा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का नया कार्यक्रम जारी किया है। तेलंगाना में यह प्रक्रिया 1 अक्टूबर 2026 को आधार तारीख मानकर की जाएगी, जिसमें मसौदा सूची 17 अगस्त 2026 को जारी होगी और दावे-आपत्तियां 16 सितंबर 2026 तक दर्ज की जा सकेंगी। ओडिशा में 1 जुलाई 2026 को आधार तारीख माना गया है, जहां दावे-आपत्तियां 19 अगस्त 2026 तक स्वीकार की जाएंगी और अंतिम मतदाता सूची 21 सितंबर 2026 को जारी होगी। आयोग ने दोनों राज्यों के अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम का प्रचार करने के निर्देश दिए हैं।