सतना जिले के रामपुर बघेलान ब्लॉक स्थित शासकीय विद्यालय त्योंधरा क्रमांक-1 में छात्रों से गिट्टी ढुलवाने का मामला सामने आया है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में स्कूली बच्चे फावड़े और तगाड़ी की मदद से गिट्टी ढोते दिखे। जिला शिक्षा अधिकारी सलोनी शर्मा ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को जांच के निर्देश दिए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि छात्रों से गिट्टी उठवाने का निर्देश किसने दिया, कौन से शिक्षक मौजूद थे, और बच्चों की सुरक्षा व पढ़ाई पर क्या असर पड़ा। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही जिम्मेदारी तय होगी।
डिंडौरी जिले के गाड़ासरई थाना अंतर्गत ग्राम कौड़िया निवासी 25 वर्षीय महेश यादव की नागपुर में मजदूरी करते समय शरीर में सरिया घुसने से मृत्यु हो गई। मंगलवार को शव गांव पहुंचने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या और पुलिस कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जबलपुर अमरकंटक रोड पर चक्का जाम किया। गाड़ासरई पुलिस की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। पुलिस ने बताया कि नागपुर में मर्ग कायम किया गया है और घटना की जानकारी ली जा रही है।
मुरैना में 37 वर्षीय स्कूल बस ड्राइवर रामकुमार उर्फ बंटी की सीने में दर्द के बाद मौत हो गई। परिजनों ने जिला अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में 15 मिनट की देरी और लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। उन्होंने नर्स, सुरक्षा गार्ड और पुलिसकर्मी पर धक्कामुक्की व मारपीट का भी आरोप लगाया। बाद में, मृतक के स्वजनों और ग्रामीणों ने कलेक्टर बंगले का घेराव किया, जहां डॉक्टरों पर इलाज के लिए पैसे मांगने के आरोप भी लगाए गए। एसडीएम रामनिवास सिकरवार के कार्रवाई और आर्थिक मदद के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।