BREAKING NEWS

Latest News

प्रधानमंत्री मोदी 2 अगस्त को ‘नशा मुक्त युवा फार विकसित भारत संकल्प’ अभियान का करेंगे आगाज

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माय भारत ‘नशा मुक्त युवा फार विकसित भारत संकल्प अभियान’ का आयोजन कर रहा है। इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को देशभर के युवाओं को वर्चुअली संबोधित करेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशा मुक्त भारत के संकल्प में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। बैतूल में 50 से अधिक स्थानों पर वॉकथान, खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता फैलाई जाएगी। भोपाल रेल पुलिस ने भी ‘नशे से दूरी है जरूरी’ नारे के साथ मानव श्रृंखला बनाई।

रानी कमलापति-अगरतला स्पेशल एक्सप्रेस में एलएचबी कोच संरचना लागू

रानी कमलापति से अगरतला के बीच चलने वाली स्पेशल एक्सप्रेस में आज से संशोधित एलएचबी कोच संरचना लागू हो गई है। इस बदलाव से भोपाल सहित मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत के यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और बेहतर सुविधाओं वाला सफर मिलेगा। ट्रेन में कुल 22 एलएचबी कोच शामिल होंगे, जिनमें एसी-2 टियर और एसी-3 इकोनामी कोच की संख्या बढ़ाई गई है, जिससे अधिक आरक्षित एसी बर्थ उपलब्ध होंगी। सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने इसे आधुनिक, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण रेल यात्रा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।