मध्य प्रदेश विधानसभा का पांच दिवसीय मानसून सत्र तीसरे दिन बुधवार को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गया। सत्र के दौरान सदन के भीतर और बाहर सियासी माहौल गर्म रहा। विपक्ष ने दिल्ली में छात्रों पर कथित मारपीट और नीट परीक्षा में गड़बड़ी जैसे मुद्दों पर चर्चा की मांग की। वित्त मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने 7,765.06 करोड़ रुपये का पहला अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया, जिसे तीखी बहस के बाद पारित कर दिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सत्र के छोटे होने पर कहा कि कम समय में भी बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।