मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के नवनियुक्त 30वें मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे ने गुरुवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने भोपाल के लोकभवन स्थित सांदीपनि सभागार में उन्हें शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित थे, जिन्होंने राज्यपाल के साथ न्यायमूर्ति कोगजे को बधाई दी। मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने राष्ट्रपति द्वारा जारी नियुक्ति अधिसूचना का वाचन किया। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष, उपमुख्यमंत्रीगण, मंत्री, महापौर, न्यायिक अधिकारी, सांसद, विधायक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।