खाचरौद-रतलाम का 28 किलोमीटर लंबा सीमेंट कांक्रीट सड़क मार्ग अत्यंत दयनीय स्थिति में है। पूरे मार्ग में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ने के कारण आए दिन दो पहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। विशेषकर रामा तलाई से कनवास के मध्य स्थिति गंभीर है। यह खाचरौद नगर के लिए सर्वाधिक व्यस्त मार्ग है, जहां सैकड़ों नागरिक प्रतिदिन आवाजाही करते हैं, खासकर रात में अधिक परेशानी होती है। लोक निर्माण विभाग अधिकारी अजय बर्मन ने बताया कि यह मार्ग एमपीआरडीसी के अधीन है और रखरखाव का जिम्मा उन्हीं का है। विधायक से संपर्क नहीं हो पाया।
इंदौर में सड़कों की बदहाली को लेकर नगर निगम अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर ने आश्वस्त किया है कि मास्टर प्लान की 23 सड़कों का काम पूरा होने के बाद शहर की तस्वीर बदल जाएगी। उन्होंने बताया कि इसमें कम से कम दो साल लगेंगे। अमृत 2.0 और अन्य सड़कों पर भी काम चल रहा है, लेकिन पुराने क्षेत्रों में पुरानी लाइनों के कारण चुनौतियां आती हैं। आयुक्त ने सार्वजनिक शिकायतों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया और बताया कि जेट मिक्स मशीनों से पेचवर्क शुरू हो गया है, जिसका असर दो सप्ताह में दिखेगा।