ग्वालियर में 19 दिन पहले आत्महत्या करने वाले किसान तिलक सिंह राणा के मामले में पुलिस ने तीन सूदखोरों पर एफआईआर दर्ज की है। किसान ने 5 लाख रुपये उधार लिए थे, जिसमें से 3 लाख चुका दिए थे। बकाया 2 लाख के लिए मोहलत मांगने पर आरोपियों ने मारपीट की और घर आकर पीटने की धमकी दी थी। किसान ने सुसाइड नोट में जितेंद्र शर्मा, गजेंद्र पुरोहित और लक्ष्मीनारायण को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया था। पुलिस ने सुसाइड नोट और साक्ष्यों के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
भोपाल में कर्ज के दबाव और सूदखोर व एक फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंटों की प्रताड़ना से परेशान होकर 37 वर्षीय शेफ रामश्रवण पटेल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव मंगलवार शाम कलियासोत डैम के पास एक पेड़ पर लटका मिला। सुसाइड नोट में उन्होंने साहूकार द्वारा मूलधन चुकाने के बाद भी प्रतिदिन 10 हजार रुपये ब्याज मांगने और फाइनेंस कंपनी के एजेंटों द्वारा लगातार दबाव बनाने का आरोप लगाया। परिवार ने कर्ज चुकाने के लिए गहने गिरवी रखे थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है, जिसमें सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग और कॉल डिटेल्स की पड़ताल की जा रही है।