जबलपुर के संजीवनी नगर में एक सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी प्रदीप श्रीवास्तव से 54,090 रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। ठग ने सोशल मीडिया पर पेंशन सर्टिफिकेट बनाने का विज्ञापन दिखाकर उन्हें फंसाया। पीड़ित ने विज्ञापन पर क्लिक कर अपना नाम दर्ज किया, जिसके बाद एक अज्ञात नंबर से इंटरनेट कॉल आया। ठग ने एक ऐप पर प्रक्रिया पूरी करने और एटीएम के अंतिम छह अंक दर्ज करने को कहा। इसके बाद उनके खाते से कुल 54,090 रुपये काट लिए गए। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंदौर में एक युवती थाईलैंड यात्रा के नाम पर ₹47,000 की साइबर ठगी का शिकार हुई। युवती ने इंस्टाग्राम पर ‘द टूरिंग साइट्स’ का ऑफर देखकर भारत से फुकेट और इंदौर से दिल्ली के लिए टिकट बुक किए थे। ठगों ने एयरलाइंस से समझौते का दावा करते हुए कम कीमत में टिकट का झांसा दिया। युवती ने लव गुप्ता नामक व्यक्ति के खाते में ₹36,000 और ₹11,000 जमा किए। 6 जुलाई को हवाई अड्डे पहुंचने पर टिकट फर्जी निकले। युवती ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है और अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है।