बुलंद सोच, जबलपुर।

केंद्र सरकार ने अधिवक्ता अमित लाहोटी को हाई कोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया है। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग ने सात अगस्त, 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की।
अधिसूचना के अनुसार, राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 224 की धारा (एक) के तहत अमित लाहोटी को दो वर्ष की अवधि के लिए हाई कोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया है। उनकी यह नियुक्ति पद का कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होगी।
विधि एवं न्याय मंत्रालय के नियुक्ति प्रभाग ने नियुक्ति संबंधी आदेश जारी करते हुए इसकी सूचना भारत सरकार के राजपत्र में प्रकाशित करने के लिए भी भेजी है।
नियुक्ति आदेश पर भारत सरकार के संयुक्त सचिव जगन्नाथ श्रीनिवासन के हस्ताक्षर हैं।
न्यायिक कार्यक्षमता में वृद्धि की उम्मीद
हाई कोर्ट में स्वीकृत संख्या की तुलना में न्यायाधीशों के पदों की कमी और लंबित मामलों का दबाव लंबे समय से बना हुआ है। इस स्थिति में अतिरिक्त न्यायाधीश की नियुक्ति से न्यायिक कार्यक्षमता बढ़ने और लंबित प्रकरणों के निराकरण में सहायता मिलने की उम्मीद है।

