बुलंद सोच, भोपाल।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तीन अक्टूबर को भोपाल पहुंचेंगे। वह यहां भेल दशहरा मैदान में पशुपालकों और दुग्ध उत्पादन से जुड़ी सहकारी समितियों के सदस्यों और पदाधिकारियों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
इस सम्मेलन में भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के लगभग 35 हजार पशुपालकों और किसानों को आमंत्रित किया जा रहा है। पशुपालन विभाग भी सम्मेलन के लिए पशुपालकों, किसानों और डेयरी सहकारी समितियों से जुड़े लोगों को जुटाने में लगा है।
अमित शाह भोपाल के सांची दुग्ध संघ में स्थापित सरकारी क्षेत्र की पहली राज्य स्तरीय डेयरी परीक्षण प्रयोगशाला का भी शुभारंभ करेंगे। यह प्रयोगशाला 12 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई है।
इस प्रयोगशाला में दूध और इससे बने उत्पादों की 100 से अधिक मानकों पर जांच की जा सकेगी। इसमें पेस्टिसाइड्स और एंटीबायोटिक जैसे तत्वों की मौजूदगी का भी पता लगाया जा सकेगा।
पुलिस प्रदर्शनी और कानून व्यवस्था की समीक्षा
भेल दशहरा मैदान पर नए आपराधिक कानूनों पर आधारित पुलिस की एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। यह प्रदर्शनी पांच दिन तक चलेगी और आम लोगों के लिए निशुल्क होगी।
प्रदर्शनी में ‘नशे से दूरी है जरूरी’, ‘सेफ क्लिक अभियान’, ‘साइबर सुरक्षा’ और ‘डायल-112’ सहित कुल 16 जोन बनाए जाएंगे। पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने सोमवार को भेल दशहरा मैदान पहुंचकर प्रदर्शनी के स्थल का चयन किया।
अमित शाह ताज होटल में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों के साथ प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करेंगे।
इस समीक्षा बैठक में माओवादी समस्या के उन्मूलन के बाद किए जा रहे विकास कार्य, संगठित अपराध, नशामुक्ति अभियान, अपराध नियंत्रण के लिए राज्यों के बीच समन्वय और साइबर अपराध जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन को लेकर प्रदेश सरकार के अब तक के प्रयासों की भी समीक्षा की जाएगी। इसमें फोरेंसिक प्रयोगशालाओं के सुदृढ़ीकरण, मोबाइल फोरेंसिक लैब के संचालन और ई-साक्ष्य सहित अन्य विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है।
सहकारिता मंत्रियों के साथ बैठक
मध्य प्रदेश, गुजरात और छत्तीसगढ़ के सहकारिता मंत्रियों के साथ भी अमित शाह की बैठक प्रस्तावित है।
इस बैठक में प्राथमिक कृषि साख समितियों की आय बढ़ाने, सहकारिता के माध्यम से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और डेयरी उत्पादों के प्रसंस्करण सहित अन्य विषयों पर चर्चा होगी।
दौरे से पूर्व की गतिविधियां
गृहमंत्री अमित शाह के दौरे से पहले प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब मध्य प्रदेश आएंगे। भोपाल में उनकी संगठनात्मक बैठक होगी।

