BREAKING NEWS
2026-08-06

अनुच्छेद 370 हटने के 7 साल पूरे, पीएम मोदी ने गिनाईं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की उपलब्धियां

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच,।

जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35(ए) हटाए जाने के सात साल 5 अगस्त को पूरे हो गए हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के इतिहास में एक नए अध्याय की शुरुआत हुई थी और तब से दोनों क्षेत्रों के लोगों के जीवन में व्यापक बदलाव आए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि आज ही के दिन सात वर्ष पहले अनुच्छेद 370 और 35(ए) इतिहास बन गए थे। उन्होंने कहा कि इससे जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की विकास यात्रा में एक निर्णायक नए अध्याय का आरंभ हुआ।

Advertisement

प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछले सात वर्षों में दोनों क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे का विकास हुआ है, साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्यमिता और खेल जैसे क्षेत्रों में नए अवसर बढ़े हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि चाहे महिलाएं हों या वंचित समुदाय, जिन लोगों को दशकों तक अपने मूल संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा गया था, उन्हें भारतीय संविधान के पूर्ण रूप से लागू होने के कारण सशक्त बनाया गया है।

प्रधानमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि इस वर्ष 5 अगस्त का महत्व इसलिए अधिक है, क्योंकि देश डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती मना रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता के प्रति उनका आजीवन समर्पण आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करता है।

पीएम मोदी के अनुसार, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने दशकों पहले जो सपना देखा था, वह 5 अगस्त 2019 को ऐतिहासिक रूप से साकार हुआ। उन्होंने दोहराया कि सरकार जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की प्रगति के लिए अपनी प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित करने के लिए संकल्पित है कि हर नागरिक बड़े सपने देख सके, उन्हें पूरा कर सके तथा विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे सके।

वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि 5 अगस्त, 2019 भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता के इतिहास का स्वर्णिम दिवस है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प से अनुच्छेद 370 की समाप्ति के साथ ‘एक विधान-एक निशान-एक प्रधान’ के स्वप्न तथा ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के राष्ट्रीय संकल्प को ऐतिहासिक सिद्धि मिली।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि यह निर्णय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के उस राष्ट्रनिष्ठ स्वप्न की पूर्णता थी, जिसके लिए उन्होंने अपना सर्वस्व राष्ट्र के चरणों में समर्पित कर दिया था। उन्होंने बताया कि बीते सात वर्षों में जम्मू-कश्मीर ने आतंकवाद से शांति, अलगाववाद से एकात्मता और अस्थिरता से विकास की ऐतिहासिक यात्रा तय की है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज जम्मू-कश्मीर प्रदेश नए भारत की आकांक्षाओं, प्रगति और समृद्धि का सशक्त प्रतीक बन चुका है। उन्होंने ‘राष्ट्र प्रथम की भावना से ओत-प्रोत इस युगांतरकारी निर्णय’ के लिए प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री का हार्दिक आभार व अभिनंदन व्यक्त किया।