BREAKING NEWS
2026-08-10

अनुपस्थित हेडमास्टर निलंबित, ₹4500 में युवती से करा रहा था अध्यापन

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, मुरैना।

मुरैना जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) बीएस इंदौलिया ने चार स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कुल 1144 बच्चों में से केवल 60 छात्र-छात्राएं उपस्थित पाए गए।

Advertisement

पहाड़गढ़ ब्लॉक के पोखर का पुरा प्राइमरी स्कूल में पदस्थ हेडमास्टर अमरलाल रावत ड्यूटी से स्थायी तौर पर अनुपस्थित मिले। कक्षा में प्रीति रावत नामक एक युवती बच्चों को पढ़ाती हुई पाई गई।

स्कूल में कोई महिला शिक्षक पदस्थ न होने के कारण डीईओ के पूछने पर प्रीति रावत ने बताया कि उसे हेडमास्टर अमर सिंह रावत ने 4500 रुपये महीने के मेहनताने पर पढ़ाने के लिए रखा है।

बच्चों ने डीईओ को बताया कि स्कूल में केवल मैडम ही पढ़ाने आती हैं और हेडमास्टर सर कभी-कभार ही आते हैं, उन्होंने कभी पढ़ाया नहीं। जानकारी लेने पर पता चला कि दो जनशिक्षकों की मिलीभगत से हेडमास्टर अमरलाल रावत 65 हजार रुपये महीने का वेतन लेकर स्कूल में गांव की एक युवती से अध्यापन करा रहे हैं।

स्कूल की इस बदहाली को देखते हुए कलेक्टर ने हेडमास्टर रावत को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित दो जनशिक्षकों को भी तलब किया गया है।

डीईओ इंदौलिया ने बताया कि हेडमास्टर अमरलाल रावत कभी स्कूल नहीं आते और बच्चों के अनुसार सालों से यही युवती पढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि मामला बेहद गंभीर है, इसलिए हेडमास्टर को बर्खास्त करने की कार्रवाई का प्रस्ताव भी कलेक्टर को भेजा जाएगा।

निरीक्षण के दौरान इपीएस मिडिल स्कूल भगतपुरा में 449 छात्रों में से 25 उपस्थित मिले, जबकि मालीबाजना प्राइमरी स्कूल में 170 में से सात बच्चे हाजिर पाए गए। देवीसिंह का पुरा कैलारस के स्कूल में 45 में से 10 बच्चे उपस्थित थे।

इपीएस मिडिल स्कूल भगतपुरा में पालक-शिक्षक संपर्क पंजी और शिक्षक दैनिक डायरी नहीं मिली। मालीबाजना प्राइमरी स्कूल में पांच शिक्षकों का स्टाफ भी ये दस्तावेज नहीं दिखा सका। देवीसिंह का पुरा कैलारस के स्कूल में मौजूद दो शिक्षकों के पास भी ये पंजी और डायरी नहीं थी।

कम छात्र संख्या और दस्तावेजों की अनुपलब्धता को लेकर डीईओ इंदौलिया ने बताया कि सभी संस्था प्रभारियों की एक-एक वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई की जा रही है।