BREAKING NEWS
2026-08-12

अशोकनगर में बीजेपी मंडल अध्यक्ष की मां से ‘बेटे पर संकट’ का डर दिखाकर 7 लाख के आभूषण और नगदी ठगी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, अशोकनगर।

अशोकनगर शहर में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज ठगी का मामला सामने आया है। बदमाशों ने भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष प्रांजल जैन की मां अनंत देवी जैन को बातों ही बातों में ठगकर करीब सात लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण और नगदी पार कर दिए। यह वारदात शनिवार सुबह उस समय हुई जब अनंत देवी जैन मंदिर से दर्शन कर लौट रही थीं।
शनिवार सुबह लगभग 7 बजे, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रांजल जैन की मां अनंत देवी जैन गंज स्थित जैन मंदिर से दर्शन कर अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही वह घर के बाहर पहुंचीं, दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया।
युवकों में से एक ने खुद को स्थानीय महावीर कॉलोनी का निवासी बताया, जबकि दूसरे ने हरिद्वार से आने का दावा किया। ठगों ने अनंत देवी से कहा कि नौ साल पहले उनके पति का निधन हुआ था और अब उनके बेटे पर भी बड़ा संकट आने वाला है। यह सुनकर महिला घबरा गईं और बचाव का उपाय पूछने लगीं।
ठगों ने पूजा-पाठ के नाम पर पानी की बोतल मांगी। जब अनंत देवी घर से पानी लाने लगीं, तो ठगों ने मना करते हुए बाजार से ही पानी की बोतल दिलाने की बात कही और उन्हें स्टेशन रोड ले गए। रास्ते में ठगों ने अनंत देवी से कहा कि माता रानी उनसे नाराज हैं, इसलिए शरीर से सोने के आभूषण तुरंत उतार दें।
डर के मारे अनंत देवी ने अपने गले की सोने की चेन, हाथ का कड़ा और अंगूठी निकालकर ठगों के साथी को सौंप दी। इसके बाद एक ठग ने पहले अपने साथी को 51 कदम दूर भेजा। जब वह लौट आया, तो अनंत देवी से भी 51 कदम आगे जाने को कहा। जैसे ही अनंत देवी वापस लौटीं, दोनों आरोपी मौके से गायब हो चुके थे।
आभूषणों के अलावा, ठगों ने अनंत देवी का पर्स भी अपने कब्जे में ले लिया, जिसमें कुछ नगदी, घर की चाबी और मोबाइल फोन रखा था। घटना के बाद ठगों ने मोबाइल को डीएक्टिवेट कर दिया, जिससे उनसे संपर्क न हो सके।
अनंत देवी जैन ने घबराकर पूरी बात पड़ोसियों को बताई, जिन्होंने उनके बेटे प्रांजल जैन और सिटी कोतवाली पुलिस को सूचित किया।

Advertisement

पुलिस जांच और बयान

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान प्रांजल जैन के घर के बाहर लगे दोनों सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए। पास की दुकानों के कैमरे चेक किए गए, तो दुकानदारों ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से बचने के लिए वे रात में कैमरों का पावर बंद कर देते हैं।
हालांकि, पुलिस को मुख्य बाजार के अन्य सीसीटीवी कैमरों से कुछ महत्वपूर्ण फुटेज मिले हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
गुना के मनोचिकित्सक डॉ. राजेंद्र सिंह भाटी ने इस तरह की घटनाओं पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वर्तमान में डिजिटल अरेस्ट जैसी घटनाएं देखने को मिल रही हैं, उसी तरह व्यक्ति के इमोशंस के साथ खेलते हुए ‘मेंटल अरेस्ट’ की घटनाएं की जाती हैं। मानसिक स्तर पर व्यक्ति को डर बताते हुए बदमाश पूरी तरह से अपनी बातों के झांसे में ले लेते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इतने कम समय में सम्मोहन या कोई ऐसा रासायनिक पदार्थ नहीं होता है जिससे व्यक्ति को मानसिक तौर पर कैप्चर किया जा सके।
सिटी कोतवाली, अशोकनगर के टीआई रविप्रताप सिंह चौहान ने बताया कि अनंत देवी जैन जब मंदिर से लौटीं, तो दो युवकों ने घर पर संकट का डर दिखाकर और पूजा के लिए जल मांगने के बहाने उन्हें बातों में उलझाकर हिप्नोटाइज जैसा कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि फरियादिया द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्धों को चिह्नित कर लिया गया है, एफआईआर दर्ज कर ली गई है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश जारी है। टीआई चौहान ने आश्वासन दिया कि जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।